अमरोहा के इस गांव में मिले तेंदुएं के दो शावक, ग्रामीणों में दहशत

amroha news

अमरोहा। डिडौली क्षेत्र में तेंदुए की दहशत के बीच गुरुवार को गांव गंदासपुर में एक खेत में दो शावक मिलने से हड़कंप मच गया। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। वन विभाग की टीम ने दोनों शावकों को कब्जे में लिया। वन अफसरों ने ग्रामीणों को सतर्कता बरतने का सुझाव दिया है। वहीं, महिलाओं और बच्चों को अकेले जंगल जाने पर रोक लगा दी है।

गांव निवासी किसान अबरार अली का खेत घर से कुछ ही दूरी पर है। खेत में फिलहाल गन्ने की फसल खड़ी है। गुरुवार सुबह अबरार का बेटा आसिम परिजनों के साथ गन्ना छीलने खेत पर गया था। इसी दौरान काम करते वक्त मेढ़ के पास आहट होने पर उसने झाड़ियों को हटाकर देखा तो वहां दो शावक मिले। आसपास तेंदुए की मौजूदगी की आशंका के बीच उसके होश उड़ गए। शोर मचाने पर आसपास खेतों पर काम कर रहे किसानों व ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई।

ऐसी खबरें पढ़ने के लिये Group को Join करें
ऐसी खबरें पढ़ने के लिये Whatsapp Channel को Follow करें
ऐसी खबरें पढ़ने के लिये Group को Join करें

सूचना पर पीआरवी टीम के साथ ही वन दरोगा नेमपाल सिंह व राजीव कुमार भी मौके पर पहुंच गए। शावक को कब्जे में लिया। ​फिलहाल, दोनों शावकों को अमरोहा में जटीवन स्थित डीएफओ कार्यालय पर सुरक्षित रखा है। डीएफओ एसपी सिंह के मुताबिक खेत से शावक मिलने के बाद ग्रामीणों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने का सुझाव दिया है।

 

कहा कि मादा तेंदुआ भी कहीं आसपास ही मौजूद हो सकती है, जो बच्चों को तलाशती हुई उस स्थान पर भी आएगी। शावक के नहीं मिलने पर वह हमला भी कर सकती है। फिलहाल, खेत में शावक मिलने के बाद से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। महिलाओं व बच्चों के शाम के बाद घर से निकलने तक पर रोक लगा दी है। परेशान ग्रामीण रात में गांव में पहरा देने की योजना बना रहे हैं।