ashutosh-sharma : दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर आईपीएल 2025 सीजन-18 का शानदार आगाज किया है। इस मैच में दिल्ली कैपिटल्स की जीत काफी मुश्किल लग रही थी क्योंकि आधी टीम महज 65 रन के स्कोर पर ही आउट हो गई थी। इसके बाद मैदान पर आशुतोष शर्मा का तूफान आया और दिल्ली के लिए इतिहास लिख गया।
आशुतोष की विस्फोटक बल्लेबाजी देखकर हर कोई उनकी तारीफ करने से खुद को रोक नहीं पाया। इस शानदार प्रदर्शन के चलते आशुतोष को प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया था। वहीं अपने इस खास अवॉर्ड को आशुतोष ने एक खास शख्स को डेडिकेट किया।
शिखर धवन को डेडिकेट किया अवॉर्ड
इस मैच में आशुतोष ने महज 31 गेंदों पर 66 रन की नाबाद पारी खेली थी। अपनी पारी के दौरान आशुतोष ने 5 चौके और 5 छक्के लगाए थे। जिसके चलते उनको प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। ये अवॉर्ड मिलने के बाद आशुतोष शर्मा ने बताया “पिछले साल से सबक लिया। पिछले सीजन में कई मौकों पर खेल को खत्म करने से चूक गया। पूरे साल मैंने इस पर ध्यान केंद्रित किया और इसके बारे में कल्पना की। मुझे विश्वास था कि अगर मैं आखिरी ओवर तक खेलूंगा, तो कुछ भी हो सकता है। विप्रज ने अच्छा खेला। मैंने उसे हिट करते रहने के लिए कहा। वह दबाव में बहुत शांत था। मैं यह पुरस्कार अपने गुरु शिखर पाजी को समर्पित करना चाहता हूं।”
दिल्ली ने 3 गेंद पहले जीत लिया था मैच
इस मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 209 रन बनाए थे। लखनऊ की तरफ से निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने कमाल की बल्लेबाजी की थी। पूरन ने 30 गेंदों पर 75 और मार्श ने 36 गेंदों पर 72 रन बनाए थे। इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने मैच को 19.3 ओवर में 9 विकेट खोकर हासिल कर लिया था। जिसमें आशुतोष के 66 रन काफी अहम थे। इसके अलावा ट्रिस्टन स्टब्स ने 34 और विप्रज निगम ने 15 गेंद पर 39 रन बनाए थे।